खेल महाकुंभ-2026 में खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन
विधायक उमेश शर्मा काऊ ने अंडर-14 व अंडर-19 खिलाड़ियों का किया स्वागत, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
देहरादून। रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने आज अपने आवास पर महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में आयोजित खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी में प्रतिभाग करने वाले अंडर-14 एवं अंडर-19 वर्ग के बालक-बालिकाओं का स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में फुटबॉल, पीटू, हैंडबॉल, मुर्गा झपट, गोली-कांच सहित विभिन्न खेल शामिल रहे। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ जीवन में चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी प्राप्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि रायपुर विधानसभा क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और आवश्यक मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उद्देश्य है कि क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रायपुर और उत्तराखंड का नाम रोशन करें।

विधायक काऊ ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “खेलें, आगे बढ़ें और उत्तराखंड का नाम रोशन करें।” उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
