November 16, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

इगास के रंग में रंगे सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, पहाड़ी गीतों पर जमकर थिरके

मनवीर चौहान ने भी मिलाए कदम, लोक संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का दिया संदेश
देहरादून। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत का खूबसूरत नजारा उस समय देखने को मिला, जब बंजारावाला के गंगोत्री विहार में आयोजित इगास बग्वाल के सांस्कृतिक कार्यक्रम में सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी पूरी तरह पहाड़ी रंग में रंगे नजर आए। पारंपरिक लोकगीतों की मधुर धुन पर उन्होंने जमकर नृत्य किया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह दोगुना कर दिया। इस दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी उनके साथ कदम से कदम मिलाए।

कार्यक्रम में बंशीधर तिवारी की सहज भागीदारी और पहाड़ी गीतों पर थिरकने का अंदाज आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में उत्तराखंड के लोग भले ही देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच गए हों, लेकिन अपनी संस्कृति, सभ्यता और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है।


उन्होंने कहा कि इगास जैसे पारंपरिक लोकपर्व उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं। ऐसे आयोजन हमारी लोक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने और सामाजिक एकता एवं आपसी मेलजोल को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बंशीधर तिवारी की सांस्कृतिक सहभागिता ने यह संदेश दिया कि अपनी लोक संस्कृति को संरक्षित करने के लिए केवल उसकी बातें करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उसे उत्साह और गर्व के साथ अपने जीवन में अपनाना भी जरूरी है।

Share this post