September 29, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

DAV छात्रसंघ चुनाव से पहले SSP कैंप कार्यालय पर हंगामा, बंटू के खिलाफ NBW पर भड़के NSUI-कांग्रेस कार्यकर्ता

देहरादून पुलिस ने NSUI कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं को बसों में बैठाकर SSP प्रमेंद्र डोबाल के कैंप कार्यालय के बाहर से हटाया

देहरादून: डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव से कुछ घंटे पहले सोमवार देर रात राजपुर रोड स्थित एसएसपी कैंप कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा हुआ. कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत कुमार भट्ट उर्फ बंटू के खिलाफ एक मामले में गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी होने से नाराज NSUI कार्यकर्ता और कांग्रेस नेता एसएसपी कैंप कार्यालय का घेराव करने पहुंच गए.

DAV छात्रसंघ चुनाव से पहले SSP कैंप कार्यालय पर हंगामा: प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. वही हंगामे की सूचना मिलते ही एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल, सीओ सदर, सीओ डोईवाला समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नारेबाजी जारी रही. इसके बाद पुलिस ने NSUI कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं को बसों में बैठाकर SSP कैंप कार्यालय के बाहर से हटाया.

छह महीने पुराने मामले में NBW जारी होने पर नाराजगी: कांग्रेस नेताओं और NSUI कार्यकर्ताओं का कहना था कि DAV छात्रसंघ चुनाव से ठीक पहले करीब छह महीने पुराने मामले में विनीत कुमार भट्ट उर्फ बंटू के खिलाफ NBW जारी किया गया. उनका आरोप था कि बंटू लगातार पुलिस के संपर्क में रहे और जांच में सहयोग कर रहे थे. इसके बावजूद अचानक गैर-जमानती वारंट जारी किया गया.

जिसके खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी हुआ है उसने क्या कहा: प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई को राजनीतिक दबाव से जोड़ते हुए विरोध जताया. विनीत कुमार भट्ट उर्फ बंटू ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 10 दिनों से पुलिस उन पर देहरादून छोड़ने और डीएवी कॉलेज नहीं जाने का दबाव बना रही थी. उन्होंने कहा कि वह डीएवी के पूर्व छात्र हैं और छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं. बंटू के मुताबिक पुलिस ने उन्हेंदेहरादून SSP कार्यालय भी बुलाया था और शहर छोड़ने को कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया. बंटू ने आरोप लगाया कि छात्रसंघ चुनाव में NSUI प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनने के कारण राजनीतिक दबाव में कार्रवाई की जा रही है.

ज्योति रौतेला ने चुनाव प्रभावित करने का लगाया आरोप: कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी प्रदर्शन में पहुंचीं. उन्होंने आरोप लगाया कि DAV छात्रसंघ चुनाव से एक दिन पहले NSUI से जुड़े युवा नेता के खिलाफ NBW जारी करना चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता चुनाव में सक्रिय रहेंगे.

एसपी सिटी का बयान: वहीं एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि-

प्रदर्शनकारियों को कुछ कानूनी प्रक्रिया को लेकर आपत्तियां थीं. उनसे बातचीत कर संबंधित प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई. DAV छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
-शेखर चंद्र सुयाल, एसपी सिटी, देहरादून-

एसपी सिटी ने कहा कि क्षेत्र में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है. ड्रोन और वीडियोग्राफी टीमों के जरिए निगरानी रखी जाएगी. साथ ही स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी संगठन या व्यक्ति की ओर से कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश की गई तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

छात्रसंघ चुनाव के लिए सुरक्षा कड़ी: एसएसपी कैंप कार्यालय के बाहर प्रदर्शन समाप्त कराने के बाद पुलिस ने DAV PG कॉलेज के आसपास करनपुर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया. इस दौरान रास्ते में समूह बनाकर खड़े छात्रों को वहां से हटाया गया. पुलिस के मुताबिक चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है. पुलिस की मौजूदगी में DAV छात्रसंघ चुनाव कराने की तैयारी है.

Share this post