नकरौंदा में रामलीला का भव्य शुभारंभ, श्रवण लीला और श्रीराम जन्म के प्रसंगों ने मोहा मन
21 नवंबर को रावण वध के साथ होगा समापन, 22 नवंबर को होगा श्रीराम का राज्याभिषेक
देहरादून। नकरौंदा में श्रीराम गढ़ सभा रामलीला समिति की ओर से गुरुवार को रामलीला मंचन का शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। रामलीला के प्रथम दिन श्रवण लीला, कौशल्या लीला एवं भगवान श्रीराम के जन्म के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया।

कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से भगवान श्रीराम के जन्म और उनसे जुड़े प्रसंगों को जीवंत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
रामलीला मंचन देखने के लिए क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आयोजन के पहले दिन पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
समिति की ओर से आगामी दिनों में सीता स्वयंवर, लक्ष्मण-परशुराम संवाद, राम वनवास, भरत मिलाप, सीता हरण और लंका दहन जैसे प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
21 नवंबर को रावण वध, 22 को राज्याभिषेक
रामलीला समिति के मीडिया प्रभारी एन.के. गुसाईं ने बताया कि 21 नवंबर को रावण वध के साथ रामलीला का समापन होगा, जबकि 22 नवंबर को भगवान श्रीराम का भव्य राज्याभिषेक किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की।
