उपभोक्ता सुरक्षा और निर्बाध विद्युत आपूर्ति को लेकर UPCL का विशेष अभियान
मोहनपुर विद्युत वितरण खंड के अंतर्गत कई क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ीकरण का कार्य तेज
देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं को सुरक्षित, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत वितरण खंड मोहनपुर द्वारा विशेष विद्युत सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण अभियान चलाया जा रहा है। UPCL की प्राथमिकताओं में सुरक्षित और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति तथा उपभोक्ता सेवा को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

अभियान के तहत विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र में विद्युत लाइनों एवं पोलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जर्जर एवं क्षतिग्रस्त पोलों को चिह्नित कर आवश्यकतानुसार नए पोल लगाए गए तथा मरम्मत कार्य कराया गया।

यह अभियान प्रेमनगर एवं आसपास के क्षेत्रों सहित बिधौली, कंडोली, सुडोवाला, मेहूंवाला माफी, शिमला बाईपास, बुड्ढीगांव, गणेशपुर, नयागांव, भाऊवाला, मांडूवाला, नांगांव एवं राजावाला आदि क्षेत्रों में चलाया गया।
ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई, पुरानी तारों को हटाकर लगाए नए कंडक्टर
विद्युत आपूर्ति को और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाने के लिए आवश्यकता वाले स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। साथ ही अधिक भार वाले स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई है। कई स्थानों पर पुरानी एवं जर्जर तारों को हटाकर ‘कवर्ड कंडक्टर’ लगाए गए हैं।

विद्युत लाइनों के संपर्क में आने वाले पेड़ों की शाखाओं की भी आवश्यकता के अनुसार लॉपिंग-चॉपिंग कराई गई है, ताकि विद्युत आपूर्ति में अनावश्यक व्यवधान और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

UPCL के अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक उपभोक्ता तक सुरक्षित, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति पहुंचाना है। विभाग द्वारा विद्युत व्यवस्था की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यकता के आधार पर सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता से किया जा रहा है। हालिया आधिकारिक जानकारी में भी UPCL ने वितरण नेटवर्क को मजबूत करने और आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ाने को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में रखा है।
