नकरौंदा रामलीला के नौवें दिन रामेश्वरम स्थापना से अंगद-रावण संवाद तक का भव्य मंचन
हनुमान जी की लंका से वापसी, वानर सेना का समुद्र तट की ओर प्रस्थान और राम,लक्ष्मण, हनुमान रावण, अंगद के ओजस्वी संवादों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
नकरौंदा। शुक्रवार को आयोजित नकरौंदा रामलीला के नौवें दिन भक्ति, शौर्य, पराक्रम और भावनाओं से ओतप्रोत रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया।

मंच पर कलाकारों के शानदार अभिनय, प्रभावशाली संवाद और जीवंत प्रस्तुतियों ने दर्शकों को ऐसा अनुभव कराया, मानो रामायण के प्रसंग साक्षात उनकी आंखों के सामने साकार हो रहे हों।
नौवें दिन की लीला का शुभारंभ हनुमान जी के लंका से वापस लौटकर प्रभु श्रीराम को माता सीता की कुशलता और लंका की स्थिति का संपूर्ण वृत्तांत सुनाने के प्रसंग से हुआ। इसके पश्चात प्रभु श्रीराम एवं लक्ष्मण जी के नेतृत्व में हनुमान, सुग्रीव, जामवंत, अंगद, नल-नील सहित विशाल वानर सेना लंका विजय के संकल्प के साथ समुद्र तट की ओर प्रस्थान करती है।
अगले दृश्य में रामेश्वरम स्थापना और समुद्र से संवाद का अत्यंत श्रद्धापूर्ण एवं भावपूर्ण मंचन हुआ। समुद्र से मार्ग प्रदान करने की प्रार्थना करते प्रभु श्रीराम के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया।
इसके बाद अंगद को शांति एवं संधि का अंतिम संदेश लेकर रावण के दरबार में भेजने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। अंगद-रावण संवाद में अंगद के निर्भीक, ओजस्वी और तर्कपूर्ण संवादों ने दर्शकों में विशेष उत्साह भर दिया।
रावण के अहंकार और अंगद के अडिग आत्मविश्वास के बीच हुए संवाद को कलाकारों ने बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
रामलीला के नौवें दिन कलाकारों ने अपने उत्कृष्ट अभिनय, सशक्त संवाद अदायगी और शानदार मंचीय प्रस्तुति से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों से जुड़ी यह रामलीला प्रतिदिन दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है।
महिला रामलीला समिति नकरौंदा तथा स्थानीय विभिन्न कीर्तन मंडलियों द्वारा तन,मन और धन से सहयोग करना पूरे क्षेत्र और आसपास में चर्चा का विषय बना हुआ है,रामलीला समिति इन सभी के अमूल्य योगदान के लिए इन सभी का आभार प्रकट करती है।
सोशल मीडिया पर देश-विदेश तक गूंज रही नकरौंदा रामलीला, अगले वर्षों में प्रत्यक्ष दर्शन को पहुंचेंगे प्रवासी
नकरौंदा की रामलीला को सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से देश-विदेश में भी खूब सराहना मिल रही है। रामलीला के मंचन और कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों को दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले रामभक्त भी देख रहे हैं। इसकी बढ़ती लोकप्रियता से उत्साहित अनेक प्रवासी एवं अन्य रामभक्तों ने आने वाले वर्षों में नकरौंदा पहुंचकर रामलीला का प्रत्यक्ष आनंद लेने और आयोजन में सहयोग देने की इच्छा व्यक्त की है। यह आयोजन समिति एवं समस्त क्षेत्रवासियों के लिए गौरव और उत्साह का विषय है।
कलाकारों के अभिनय के साथ पर्दे के पीछे के साधकों की मेहनत भी बनी रामलीला की खास पहचान
रामलीला के मंच पर कलाकारों के सुंदर एवं जीवंत अभिनय की जहां दर्शकों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है, वहीं पर्दे के पीछे रहकर कास्ट्यूम, साज-सज्जा, मंच व्यवस्था और अन्य तैयारियों में जुटे अनेक सहयोगियों की मेहनत भी प्रशंसा का केंद्र बनी हुई है। किसी भी भव्य मंचन को सफल बनाने में इन सभी सहयोगियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।

वहीं संगीत पक्ष ने भी रामलीला में चार चांद लगाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। हारमोनियम पर भूपेंद्र सिंह राणा की उंगलियों का जादू, तबले की थाप पर आचार्य दिव्यांशु पोखरियाल की शानदार संगत और पैड पर सुमन ममगाईं की प्रभावशाली प्रस्तुति ने पूरे मंचन में विशेष समां बांधे रखा। संगीत और संवादों के बेहतरीन तालमेल ने रामलीला के प्रत्येक प्रसंग को और अधिक जीवंत एवं प्रभावशाली बना दिया।
नकरौंदा की यह रामलीला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि कलाकारों, संगीतकारों, पर्दे के पीछे जुटे सहयोगियों और क्षेत्रवासियों के सामूहिक समर्पण से साकार हो रही एक सुंदर सांस्कृतिक परंपरा के रूप में अपनी अलग पहचान बना रही है।
