वीर शहीद नायक मानवेन्द्र सिंह की प्रतिमा का होगा अनावरण:स्वामी दर्शन भारती
पौड़ी गढ़वाल। हिन्दू धर्मरक्षक स्वामी दर्शन भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 25 जून 2026 को ग्राम सुराल, पट्टी चलनस्यूँ, विकासखंड खिर्सू, जनपद पौड़ी गढ़वाल में वीरभूमि उत्तराखंड के अमर सपूत शहीद नायक मानवेन्द्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। यह अवसर क्षेत्रवासियों एवं समस्त देशभक्त नागरिकों के लिए गर्व, सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक होगा।
स्वामी दर्शन भारती ने बताया कि शहीद नायक मानवेन्द्र सिंह ने 11 अक्टूबर 1993 को ऑपरेशन रक्षक के दौरान आतंकवादियों के विरुद्ध अदम्य साहस, वीरता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके अतुलनीय शौर्य, राष्ट्रभक्ति और बलिदान के सम्मान में 16 दिसंबर 1999 को उनकी स्मृति में शिलालेख समर्पित किया गया था।
उन्होंने कहा कि अब उनकी प्रतिमा का अनावरण कर उनके अमर बलिदान और राष्ट्रसेवा को स्थायी सम्मान प्रदान किया जा रहा है। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देती रहेगी।
स्वामी दर्शन भारती ने सभी क्षेत्रवासियों, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों एवं देशभक्त नागरिकों से इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण कार्यक्रम में सहभागिता कर वीर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया।
