July 16, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

लोक पर्व हरेला महोत्सव में रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने मंत्री संग किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

देहरादून। लोक पर्व हरेला एवं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत टिहरी सांसद,वन मंत्री तथा रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने संयुक्त रूप से वन विभाग की नर्सरी तथा रायपुर विधानसभा के मालदेवता क्षेत्र में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


कार्यक्रम में टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति में प्रकृति और पर्यावरण का विशेष महत्व रहा है। हरेला पर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

 

उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान हमें अपनी मातृशक्ति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।


जनसभा को संबोधित करते हुए वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसका संरक्षण करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।

रायपुर के विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाते हुए कहा कि सभी लोग जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करें तथा अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।


इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
रायपुर विधायक ने कहा कि हरेला पर्व हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने की प्रेरणा देता है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।