रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से की शिष्टाचार भेंट
देहरादून। रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट से शिष्टाचार भेंट की। लगभग पौने घंटे तक चली इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक, समसामयिक तथा संगठनात्मक विषयों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में रायपुर विधानसभा समेत जनपद देहरादून में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने पार्टी के कर्मठ एवं जुझारू कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम तथा जनता के साथ उनके बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।
इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच गहन मंत्रणा हुई। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ को पिछले दो विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतों से विजय प्राप्त करने पर बधाई दी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए अपनी तथा प्रदेश भाजपा परिवार की ओर से शुभकामनाएं दीं।

महेंद्र भट्ट ने विश्वास व्यक्त किया कि रायपुर विधानसभा में पार्टी संगठन और जनसंपर्क की मजबूत नींव के बल पर भाजपा आने वाले चुनावों में भी ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी।
मुलाकात के अंत में दोनों नेताओं ने तय किया कि भविष्य में भी समय-समय पर इस प्रकार की बैठकें होती रहेंगी और वे संगठन तथा सरकार को और अधिक सशक्त बनाने के लिए मिलकर कार्य करते रहेंगे।
