July 18, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं, पारदर्शी व्यवस्था की जरूरत : महेंद्र भट्ट

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा है कि प्रतियोगी परीक्षाओं और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह छात्रों की भावनाओं को भड़काने और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर उठाए जा रहे सवाल केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश के लाखों युवा मेहनत और लगन से अपनी तैयारी कर रहे हैं तथा उन्हें गुमराह करने की बजाय सकारात्मक माहौल देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सरकार की सख्ती का ही परिणाम है कि युवाओं का विश्वास व्यवस्था में बढ़ा है और भर्ती प्रक्रिया अधिक मजबूत हुई है।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का ध्यान युवाओं के भविष्य को संवारने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने पर केंद्रित है। उन्होंने दावा किया कि सरकार पारदर्शी भर्ती प्रणाली और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा विपक्ष को इस विषय पर राजनीति करने के बजाय रचनात्मक सुझाव देने चाहिए।