चिन्यालीसौड़ में केंद्रीय विद्यालय और देहरादून में ओबीसी छात्रावास की दिशा में बड़ा कदम, मुख्यमंत्री ने दिए आवश्यक निर्देश
देहरादून। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हाल ही में हुई भेंट के दौरान यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के चिन्यालीसौड़ में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना तथा देहरादून में ओबीसी समाज के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी गई थी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने दोनों प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति जताते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। इससे शिक्षा के क्षेत्र में उत्तरकाशी जनपद और विशेष रूप से यमुनोत्री विधानसभा के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।
मनवीर चौहान ने कहा कि चिन्यालीसौड़ में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से यमुनोत्री विधानसभा, उत्तरकाशी तथा आसपास के क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। वहीं, देहरादून में ओबीसी छात्रावास के निर्माण से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा सुरक्षित आवास जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं प्राप्त होंगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, युवाओं के भविष्य और सामाजिक समावेशन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जनभावनाओं के अनुरूप उन्हें धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
मनवीर चौहान ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल यमुनोत्री विधानसभा, उत्तरकाशी और पूरे प्रदेश के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी तथा शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त करेगी।
