उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलेगी आरक्षित सीट, मुख्यालय ने जारी किए निर्देश
साधारण, हाईटेक और वोल्वो बसों में पत्रकारों को मिलेगी विशेष सुविधा, उत्तराखंडी मूल निवासी पत्रकार एसोसिएशन की पहल लाई रंग
देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण, हाईटेक एवं वोल्वो बसों में अब मान्यता प्राप्त पत्रकारों को आरक्षित सीट की सुविधा मिलेगी। इस संबंध में उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय ने 13 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक आदेश जारी कर संबंधित मंडलीय प्रबंधकों एवं सहायक महाप्रबंधकों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

यह पहल “उत्तराखंडी मूल निवासी पत्रकार एसोसिएशन” की ओर से निगम मुख्यालय को भेजे गए पत्र के बाद सामने आई है। एसोसिएशन ने अपने पत्रांक UKMNPA/2006/0001, दिनांक 30 सितंबर 2026 के माध्यम से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए परिवहन निगम की बसों में सीट आरक्षित करने का अनुरोध किया था।
निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह द्वारा जारी पत्र में पूर्व में जारी मुख्यालय के आदेशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया है कि साधारण, हाईटेक एवं वोल्वो बसों में माननीय सांसदों, विधायकों एवं दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित सीट

संख्या 1, 2 एवं 3 पर व्यवस्था के अनुरूप मान्यता प्राप्त पत्रकारों के बस में पहुंचने पर सीट रिक्त करनी होगी।
इस आदेश की प्रतिलिपि उत्तराखंडी मूल निवासी पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एन.के. गुसाईं एवं प्रदेश महासचिव जयदीप भट्ट को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।
एसोसिएशन की इस पहल को प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे परिवहन निगम की बसों में सफर करने वाले पत्रकारों को सुविधा मिलेगी तथा पत्रकारों के सम्मान और उनकी कार्यगत आवश्यकताओं को भी संस्थागत पहचान मिलेगी।
