राज्यसभा में महेंद्र भट्ट ने उठाया देवभूमि उत्तराखंड के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास का मुद्दा
नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद तथा उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने आज राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान उत्तराखंड के पर्वतीय एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के पर्यटन अवसंरचना विकास का महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया।

उन्होंने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से पंच केदार, पंच बद्री, पंच प्रयाग, आदि कैलाश सहित अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार तथा आधारभूत अवसंरचना को सुदृढ़ किए जाने के संबंध में महत्वपूर्ण प्रश्न पूछा।

महेन्द्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड के ये धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर स्थल देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आस्था के केंद्र हैं। इन क्षेत्रों में सड़क, आवास, पेयजल, पार्किंग, डिजिटल सुविधाओं एवं अन्य पर्यटन अवसंरचना के विकास से न केवल तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सदन में सरकार द्वारा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन अवसंरचना के विकास के लिए संचालित योजनाओं एवं प्रयासों की जानकारी दी।

महेन्द्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है और राज्य के पर्वतीय एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
