कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाली उन्नति शर्मा को धीरेन्द्र सिंह पंवार ने दी बधाई
देहरादून।
मीडिया सलाहकार समिति, उत्तराखंड सरकार के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) धीरेन्द्र सिंह पंवार ने ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर देश और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने वाली प्रतिभाशाली खिलाड़ी उन्नति शर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
बुधवार को उन्नति शर्मा से शिष्टाचार भेंट के दौरान धीरेन्द्र सिंह पंवार ने उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कठिन मेहनत, समर्पण, अनुशासन और जुनून का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उन्नति शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर पूरे उत्तराखंड और देश का नाम गर्व से ऊंचा किया है।

धीरेन्द्र सिंह पंवार ने कहा कि उन्नति शर्मा की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उन्नति भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करती रहेंगी।
इस अवसर पर उन्होंने उन्नति शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि पूरा प्रदेश उनकी सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है।
