सबसे बड़ा गुंडा और नरबलि जैसी भयावह बात कर आत्ममुग्ध हरीश धामी का आचरण अमर्यादित: चौहान
शिष्टाचार और मर्यादा को ताक पर रख चुके बड़बोले क्षत्रपों का समर्थन कर रहे वरिष्ठ नेताओं का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि जौलजीवी मेले मे जिस तरह से क्षेत्रीय विधायक हरीश धामी ने आशिष्ट और अमर्यादित आचरण का प्रदर्शन किया वह सरासर कांग्रेसी संस्कारों झलक है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उनके असभ्य आचरण से बचाव की मुद्रा मे है यह कांग्रेस के चरित्र को बखूबी उजागर करता है।
चौहान ने कहा कि आगामी विस चुनाव में अपनी करारी हार सामने देखकर कांग्रेस में अभी से बौखलाहट और छटपटाहट चरम पर पहुंच गई है। सत्ता न मिल पाने की बेचैनी ने कांग्रेस नेताओं की भाषा, व्यवहार और संस्कारों की पोल खोलकर रख दी है। कभी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य हल्द्वानी के एसएसपी कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ और गाली-गलौज करते हैं, तो कभी विधायक प्रीतम सिंह के भाई की अमर्यादित भाषा सामने आती है। अब कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने जौलजीबी के अंतरराष्ट्रीय मेले में गाली-गलौज, तोड़फोड़ और हुड़दंग कर देवभूमि की गरिमा को तार-तार किया है।
हरीश धामी का जौलजीबी प्रकरण कांग्रेस की अराजक और दबंगई वाली राजनीति का एक और उदाहरण है। जनता के मुद्दों पर सरकार को घेरने का साहस और तथ्य न होने पर कांग्रेस के नेता गाली-गलौज, तोड़फोड़ और हुड़दंग को ही अपनी राजनीति का हथियार बना रहे हैं। एक निर्वाचित विधायक का सार्वजनिक मंच पर इस तरह का आचरण केवल विधायक पद की गरिमा का अपमान नहीं, बल्कि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी सीधा प्रहार है। कांग्रेस बताए कि 2027 की हार की बौखलाहट में उसके नेता अब राजनीतिक विरोध और गुंडई के बीच का अंतर भी भूल चुके हैं?
खुद को सबसे बड़ा गुंडा बताकर अपनी दबंगई का ऐलान करना हरीश धामी की राजनीतिक सोच और जनप्रतिनिधि के पद के प्रति उनकी समझ पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जनता ने उन्हें क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने और विकास की आवाज उठाने के लिए चुना है, न कि सार्वजनिक मंचों पर अपनी ताकत का प्रदर्शन कर कानून और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को चुनौती देने के लिए। आखिर जनसेवा के पद पर बैठकर दबंगई का महिमामंडन करना किस तरह की राजनीति है?
नरबलि जैसी भयावह बात को सार्वजनिक रूप से कहने वाला वीडियो हरीश धामी की भाषा और राजनीतिक मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। क्या जनप्रतिनिधियों की राजनीति में अब गुंडई और नरबलि जैसी बातें भी सामान्य हो गई हैं? आखिर कांग्रेस में ऐसी बयानबाजी को लेकर कोई जवाबदेही क्यों नहीं है? प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व स्पष्ट करे कि ऐसे बयान पर उसने क्या कार्रवाई की है और क्या वह अपने विधायक के इस आचरण से सहमत है?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा हरीश धामी के व्यवहार को जायज ठहराना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी अपने नेताओं को अनुशासन और मर्यादा में रखना है, न कि उनके अनुचित आचरण को राजनीतिक संरक्षण देना। क्या गोदियाल भी मानते हैं कि जनप्रतिनिधि को सार्वजनिक मंच पर तोड़फोड़ और अभद्रता करने का अधिकार है?
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं की आड़ लेकर हरीश धामी अपने अमर्यादित व्यवहार को सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन क्या जनता की समस्याएं उठाने का मतलब माइक फेंकना, कुर्सियां उछालना और सरकारी अधिकारियों के साथ गाली-गलौज करना है? अगर विधायक को क्षेत्र के विकास की इतनी ही चिंता है, तो उन्हें समाधान के लिए संवैधानिक और लोकतांत्रिक रास्ते अपनाने चाहिए थे। कांग्रेस की कथनी और करनी में कितना अंतर है, यह जौलजीबी प्रकरण ने एक बार फिर उजागर कर दिया है। एक ओर कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की दुहाई देती है, तो दूसरी ओर उसके विधायक सार्वजनिक मंचों पर हंगामा, गाली-गलौज और तोड़फोड़ करते नजर आते हैं। कांग्रेस नेतृत्व बताए कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक नियमों का पालन केवल जनता और सरकार के लिए है या उसके अपने नेताओं पर भी लागू होता है?
चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणियां और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कांग्रेस की मुद्दाविहीन राजनीति को दर्शाता है। सरकार के विकास कार्यों और नीतियों पर सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस नेता व्यक्तिगत हमलों पर उतर आए हैं। यदि कांग्रेस के पास सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा और तथ्य हैं, तो उन्हें सार्वजनिक बहस में सामने रखे।
चौहान ने कहा कि हरीश धामी का राजनीतिक सफर पहले भी कई विवादों और प्रशासनिक टकरावों से जुड़ा रहा है। वर्ष 2012 से 2024 के बीच उन पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन, सरकारी कर्मचारियों से विवाद, सरकारी कार्य में बाधा डालने और सार्वजनिक मंचों पर अभद्र व्यवहार जैसे आरोप सामने आए। पहली बार विधायक बनने के बाद वर्ष 2014 में मुख्यमंत्री हरीश रावत के लिए सीट छोड़ने के बाद आपदा राहत और क्षेत्रीय उपेक्षा के मुद्दे पर अपनी ही सरकार के खिलाफ धरना देने को लेकर भी वे चर्चा में रहे। 2017–2018 मे दूसरे कार्यकाल के दौरान सड़क निर्माण और आपदा के समय मार्ग खोलने में देरी को लेकर बीआरओ अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विवाद हुआ। इस मामले में सरकारी कार्य में बाधा और अभद्रता के आरोप मे मुनस्यारी थाने में IPC की धारा 332 और 504 के तहत मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख उनके चुनावी हलफनामे में भी मिलता है।
वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव से पहले मुनस्यारी में 22 गांवों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने पर विधायक सहित करीब 80 लोगों के खिलाफ आदर्श आचार संहिता और कोविड नियमों के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज हुआ। विस में आपदा के मुद्दे पर बोलने का अवसर नहीं मिलने पर उन्होंने अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान पार्टी के भीतर अनुशासन और कारण बताओ नोटिस को लेकर भी विवाद सामने आया।
चौहान ने कहा कि इससे पूर्व भी नवंबर 2024 मे ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में मंच पर माइक बंद होने को लेकर आयोजकों और अधिकारियों से उनकी तीखी बहस हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला काफी चर्चित रहा। उन्होंने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी अथवा पार्टी के खिलाफ हरीश धामी या अन्य बड़बोले नेताओं के अशिष्ठ आचरण को भाजपा कार्यकर्ता बर्दाश्त नही करेंगे और मुँहतोड़ जवाब देंगे।
