August 15, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

80वें स्वतंत्रता दिवस पर विधानसभा परिसर में ध्वजारोहण, राष्ट्रध्वज को नमन

देहरादून। रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने आज स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर विधानसभा परिसर में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण के साथ सम्मिलित होकर राष्ट्रध्वज को नमन किया।


इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। देश की आजादी हमें अनेक वीरों के संघर्ष और बलिदान से प्राप्त हुई है। आज हम सभी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।


रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कहा कि यह गौरवपूर्ण अवसर हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली इस आजादी की रक्षा करना और देश को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। आइए, राष्ट्रहित में समर्पण और सेवा की भावना के साथ एक मजबूत, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लें।


उन्होंने प्रदेश एवं देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि हमारा तिरंगा सदैव इसी गौरव और सम्मान के साथ ऊंचा लहराता रहे।


कार्यक्रम में विधानसभा के सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।