July 31, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

केदारनाथ के विकास कार्यों को मिलेगी नई गति, विधायक आशा नौटियाल ने मुख्यमंत्री धामी के समक्ष रखीं जनहित की प्रमुख मांगें

देहरादून। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल के नेतृत्व में क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने आज प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित एवं विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने श्री केदारनाथ धाम यात्रा के प्रथम चरण के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। बताया गया कि मुख्यमंत्री के प्रभावी नेतृत्व और राज्य सरकार की बेहतर व्यवस्थाओं के चलते अब तक 14 लाख से अधिक श्रद्धालु श्री केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन, तीर्थाटन और सेवा क्षेत्र को नई गति मिली है तथा क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।

भेंट के दौरान विधायक आशा नौटियाल ने क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। इनमें चोपता पॉलीटेक्निक भवन का निर्माण, केदारनाथ रोपवे परियोजना में कम से कम 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार, विद्यापीठ में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना, विभिन्न मोटर मार्गों का सुधारीकरण एवं अनुरक्षण, प्रमुख स्थानों पर पार्किंग निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, केदारनाथ–चौमासी पैदल मार्ग का शेष निर्माण, विद्यालयों का उच्चीकरण तथा विभिन्न मंदिरों में आधारभूत सुविधाओं के विकास की मांग प्रमुख रही।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करने तथा जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के समग्र, संतुलित एवं सतत विकास के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य जयवर्द्धन कांडपाल, संपन्न नेगी, गंभीर सिंह बिष्ट, अमित मैखंडी, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी, तल्लानागपुर संघर्ष समिति के अध्यक्ष अमित प्रदाली, लक्ष्मण बर्तवाल, मंडल अध्यक्ष अर्जुन नेगी, दलवीर नेगी, विभिन्न ग्राम प्रधान एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।