उत्तराखंड भाजपा के गौरवशाली नेतृत्व को ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई: मनवीर चौहान
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने राज्यसभा सांसद एवं उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सर्वाधिक लंबे कार्यकाल की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए गर्व और उल्लास का अवसर है। महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा ने संगठन को बूथ एवं पन्ना स्तर तक मजबूत करने के साथ विभिन्न चुनावों में उल्लेखनीय सफलताएं हासिल की हैं।
मनवीर चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड की सभी पांचों लोकसभा सीटों पर लगातार तीसरी बार विजय हासिल कर जनविश्वास का नया इतिहास रचा। नगर निकाय, पंचायत एवं विभिन्न उपचुनावों में मिली सफलता भी संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं एवं कठिन परिस्थितियों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सेवा और सहयोग का दायित्व निभाया है।
मनवीर चौहान ने महेंद्र भट्ट के सहज, सरल, मृदुभाषी एवं कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके संगठनात्मक कौशल, समन्वय और कार्यशैली ने प्रदेश भाजपा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के परिश्रम, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का गौरव है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और महेंद्र भट्ट के मार्गदर्शन में भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
