पीपलकोटी टनल हादसे पर महिला आयोग उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी ने जताया गहरा दुख
देहरादून। चमोली जनपद के पीपलकोटी क्षेत्र में निर्माणाधीन टनल में पानी और मलबा घुसने से हुई दुर्घटना पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे को अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक बताते हुए दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्रमिकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
चंद्रकला तिवारी ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में श्रमिकों की मृत्यु और कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि हादसे में घायल श्रमिकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने टनल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान में पूरी तत्परता के साथ तेजी लाने की अपेक्षा जताई।
महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन को प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा रहना चाहिए।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
