राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे पर गरजे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कांग्रेस पर साधा निशाना
देहरादून। उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे और उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्र संवाद के नाम पर प्रदेश में राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है, लेकिन उत्तराखंड की जनता कांग्रेस की नीतियों और उसके राजनीतिक चरित्र को भली-भांति समझती है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी को उत्तराखंड की जनता के सामने कांग्रेस के शासनकाल, उसकी नीतियों और देश के प्रति उसके दृष्टिकोण पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार भ्रम और तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ वीर सैनिकों की भूमि भी है, जहां की जनता राष्ट्रवाद, सेना और सनातन संस्कृति के मूल्यों के प्रति पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति इन मूल्यों के विपरीत रही है और अब छात्र संवाद के माध्यम से राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को छात्र संवाद का नाम दिया गया है, लेकिन इसका वास्तविक उद्देश्य राजनीतिक वातावरण तैयार करना है।
महेंद्र भट्ट ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता भाजपा की विकासोन्मुखी नीतियों और सरकार के कार्यों के साथ मजबूती से खड़ी है।
