उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करें, राजस्व वसूली शत-प्रतिशत सुनिश्चित हो : पी०सी० ध्यानी
खराब मीटर तत्काल बदलें, स्मार्ट मीटर लगाने में लाएं तेजी; नए विद्युत कनेक्शन में देरी पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबन्ध निदेशक पी०सी० ध्यानी ने आज श्रीनगर गढ़वाल में श्रीनगर एवं टिहरी मंडल की समीक्षा बैठक के दौरान अभियंताओं एवं कार्मिकों को विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी सम्मानित उपभोक्ताओं की शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा बकायेदार उपभोक्ताओं से शत-प्रतिशत राजस्व वसूली की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।
प्रबन्ध निदेशक ने निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत मीटर रीडिंग के आधार पर उपभोक्ताओं को बिजली के बिल जारी किए जाएं। खराब मीटरों को प्राथमिकता से बदला जाए तथा बिलों में त्रुटि पाए जाने पर तत्काल संशोधन किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रबन्ध निदेशक पी०सी० ध्यानी ने श्रीनगर स्थित पिटकुल के निर्माणाधीन 132 केवी जीआईएस स्विचिंग सब स्टेशन, रानीहाट (श्रीनगर) बिजलीघर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन परियोजना का जायजा लिया तथा विद्युत व्यवस्था से संबंधित कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया।

उन्होंने सभी अभियंताओं को सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के प्रति संवेदनशील एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए उनका निर्धारित समय में समाधान करने की विशेष हिदायत दी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बिजली बिलों में पारदर्शिता और त्रुटियों की रोकथाम के लिए प्रबन्ध निदेशक ने उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शनों पर प्राथमिकता के आधार पर स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत एवं बिलों पर बेहतर निगरानी रख सकेंगे।
नए विद्युत संयोजन जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर देते हुए पी०सी० ध्यानी ने कहा कि पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं। औचक निरीक्षण के दौरान यदि किसी उपभोक्ता को विद्युत संयोजन देने में अनावश्यक विलम्ब पाया गया, तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य अभियंता एन०एस० बिष्ट, अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा, मयूर देव सिंह एवं प्रशांत बहुगुणा सहित टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, कोटद्वार एवं नैनीडांडा क्षेत्रों से आए अधिशासी अभियंता, उपखण्ड अधिकारी तथा अवर अभियंता उपस्थित रहे।
