मुख्यमंत्री धामी के हस्तक्षेप से इठारना मार्ग पर सड़क निर्माण शुरू, ग्रामीणों में खुशी की लहर
राज्यमंत्री धीरेन्द्र सिंह पंवार ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
देहरादून। राज्यमंत्री एवं मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह पंवार ने आज डोईवाला विधानसभा क्षेत्र की गडूल पंचायत के इठारना मार्ग पर घनगड़ के निकट प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। टेंडर होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू न होने से नाराज ग्रामीणों ने “सड़क नहीं तो वोट नहीं” का ऐलान किया था। इस प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंचने पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने अपना निर्णय वापस ले लिया। सड़क निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने जनसमस्या का संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री धीरेन्द्र सिंह पंवार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा गुणवत्ता के मानकों का पूर्ण पालन करते हुए कार्य समय पर पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान स्वीटी रावत, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र रावत, स्थानीय ग्रामीण एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
