November 17, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

गांधी जयंती पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने महात्मा गांधी को किया नमन

गांधी जी के सत्य-अहिंसा के सिद्धांत और शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान
देहरादून। गांधी जयंती के अवसर पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने ओल्ड नेहरू कॉलोनी स्थित गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।


इस अवसर पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भाव के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता के लिए एकजुट किया। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन हमें सत्य और अहिंसा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।


विधायक ने कहा कि आज ही देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत के महान सपूत लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती भी है। शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका प्रसिद्ध आह्वान ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है।


उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री, दोनों महान विभूतियों ने अपने जीवन और विचारों से देश को नई दिशा दी। आज पूरा देश दोनों महापुरुषों को स्मरण करते हुए अपनी ओर से भावभीनी श्रद्धासुमन अर्पित कर रहा है।


विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने बच्चों और युवाओं से आह्वान किया कि वे महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाएं।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी इन महान विभूतियों के आदर्शों को आत्मसात कर मजबूत, स्वच्छ और समृद्ध भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Share this post