दून पुस्तकालय पहुंचे मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह पंवार, ज्ञान संस्कृति को बढ़ावा देने पर दिया जोर
देहरादून। मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह पंवार ने आज दून पुस्तकालय का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं, अध्ययन कक्षों एवं ज्ञानवर्धक वातावरण का अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं पाठकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

धीरेन्द्र सिंह पंवार ने कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं, बल्कि ज्ञान, विचार, संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का एक सशक्त केंद्र होता है। ऐसे संस्थान समाज में बौद्धिक चेतना को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है।

युवाओं में पढ़ने की आदत विकसित करना समय की आवश्यकता है, जिससे ज्ञान का विस्तार हो और समाज में जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक तैयार हों।

इस अवसर पर उन्होंने दून पुस्तकालय से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत के कारण पुस्तकालय ज्ञान के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है।

उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अध्ययनरत विद्यार्थियों के उज्ज्वल, सफल और ज्ञानमय भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
