May 4, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के लिए कार्य कर रही है मोदी सरकार

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुआई में केंद्र सरकार सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, नवाचार और दृढ़ इच्छाशक्ति के मूलमंत्र पर आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में भी डबल इंजन के दम को महसूस किया जा सकता है।

केंद्र की मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे अभियान की कड़ी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कौशिक बुधवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने वर्ष 2014 से पहले और इसके बाद से अब तक की विभिन्न योजनाओं के आंकड़े रखते हुए इसके अंतर को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि देश आज हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है। आठ साल के कालखंड में कई ऐसे विषयों का समाधान हुआ, जो वर्षों से लटके हुए थे।
कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड में डबल इंजन के बूते अनेक योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने केदारनाथ में कहा था कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा। ये बात आज सच साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के की उपलब्धियों की आमजन को जानकारी को देने के उद्देश्य से 15 दिन का विशेष अभियान शुरू किया गया है।

इसमें पहला दिन किसान, दूसरा महिला, तीसरा अनुसूचित जाति, चौथा जनजाति, पांचवां पिछड़ा वर्ग, छठवां समाज के कमजोर वर्ग, सातवां शहरी गरीब, आठवां विभिन्न आयु समूह, नौवां टीकाकरण व स्वास्थ्य सेवकों का सम्मान और 10वां दिन केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क के लिए समर्पित किया गया है।
75 घंटे जनसंपर्क करेंगे जनप्रतिनिधि:
अभियान के दौरान बड़ा जनसंपर्क कार्यक्रम भी चलेगा। इसमें पार्टी के सभी सांसद, विधायक, मुख्यमंत्री, नगर व ग्रामीण निकायों के अध्यक्ष, महापौर व सदस्य लगातार 75 घंटे तक जनता से संपर्क करेंगे। गुरुवार को मुख्यमंत्री हल्द्वानी में पत्रकारों से बातचीत करेंगे, जबकि शुक्रवार को सभी जिलों में पत्रकार वार्ता होगी।

प्रदेश कार्यसमिति सात से हल्द्वानी में:
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक सात जून से हल्द्वानी में शुरू होगी। इसमें भी मोदी सरकार के आठ साल समेत अन्य विषयों पर चर्चा होगी। गढ़वाल व कुमाऊं में एक-एक केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम भी तय किए जा रहे हैं।

लगता नहीं कि अब कांग्रेस में कोई जान डाल सके:
कांग्रेस के शिविर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कौशिक ने कहा कि कांग्रेस कितना भी चिंतन कर ले, उससे कोई लाभ नहीं होने वाला। जनता का कांग्रेस से मोह भंग हो चुका है। अब लगता नहीं कि कोई कांग्रेस में जान डालने का काम कर सकेगा।