June 12, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

उत्तराखंड में दून समेत सात जिलों में गर्जन के साथ बारिश की चेतावनी, यलो अलर्ट जारी

प्रदेशभर के अधिकांश जनपदों में मंगलवार से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। दून समेत सात जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है तीन हजार मीटर से अधिक ऊंची चोटियों पर हिमपात होने की संभावना है। वर्षा का दौर बुधवार को भी इसी प्रकार बना रह सकता है। टिहरी, देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चम्पावत, उधमसिंह नगर में वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी यलो अलर्ट जारी किया गया है।

तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर हिमपात होने की संभावना
सोमवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने से दिन में गर्मी महसूस की गई। हालांकि रात और दिन में अभी भी ठंड पड़ रही है।
इन शहरों में ये रहा तापमान
देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 25.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 24.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस अधिक 22.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रहा।
टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 20.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम बदलने और वर्षा होने से अधिकतम तापमान में पांच डिग्री तक कमी की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को गढ़वाल मंडल के चार और कुमाऊं मंडल के तीन जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है। मंगलवार को तीन हजार और बुधवार को 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इससे तापमान में काफी कमी आने का अनुमान है।