सोशल मीडिया पर चुनावी दावेदारी करने वालों पर उत्तराखंड भाजपा सख्त
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बोले— निर्धारित समय, मंच और संगठनात्मक प्रक्रिया से ही रखें अपनी बात
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक अनुशासन को लेकर स्पष्ट संदेश दिया है। पार्टी नेतृत्व ने साफ किया है कि सोशल मीडिया, सार्वजनिक मंचों अथवा मीडिया के माध्यम से चुनावी टिकट की दावेदारी करना संगठन की मर्यादा के अनुरूप नहीं है। ऐसे मामलों में अनुशासनहीनता पाए जाने पर संगठन आवश्यक कार्रवाई कर सकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तथा राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता के भीतर चुनाव लड़ने की इच्छा और महत्वाकांक्षा स्वाभाविक है। पार्टी प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान करती है और उसे अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन इसके लिए संगठन में निर्धारित मंच, समय और प्रक्रिया तय है। यदि किसी कार्यकर्ता को चुनाव लड़ने की इच्छा, सुझाव या दावेदारी प्रस्तुत करनी है तो उसे संगठन के समक्ष आंतरिक रूप से उचित माध्यम से रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और लोकतांत्रिक संगठन है, जहां उम्मीदवारों का चयन योग्यता, संगठन के प्रति समर्पण, जनसेवा तथा केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाता है। इसलिए सार्वजनिक मंचों या सोशल मीडिया के माध्यम से दावेदारी जताना संगठन की कार्यप्रणाली के अनुरूप नहीं माना जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन की एकता, अनुशासन और मर्यादा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत प्रचार के बजाय संगठन को मजबूत करने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता या संगठन विरोधी गतिविधियों के प्रति पार्टी की नीति पूरी तरह स्पष्ट है और आवश्यक होने पर संगठन कड़ी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा। भाजपा नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और संगठनात्मक व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
