October 7, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

आईटीआई एवं एम.जी. इंटर कॉलेज हल्द्वानी में यूओयू का उच्च शिक्षा जागरूकता अभियान

दूरस्थ शिक्षा एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की जानकारी से विद्यार्थियों को किया जागरूक
हल्द्वानी, 06 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू), हल्द्वानी द्वारा विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसरों, दूरस्थ शिक्षा प्रणाली तथा विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईटीआई, हल्द्वानी एवं एम.जी. इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
यह अभियान कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर, व्यावसायिक एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता, अध्ययन सामग्री, परीक्षा प्रणाली तथा अध्ययन केंद्रों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से वे अपनी अन्य शैक्षणिक अथवा व्यावसायिक गतिविधियों के साथ उच्च शिक्षा जारी रख सकते हैं।
आईटीआई, हल्द्वानी में विद्यार्थियों को कौशल-आधारित तकनीकी शिक्षा के साथ उच्च शिक्षा के महत्व तथा आगे की शैक्षणिक एवं रोजगार संभावनाओं से अवगत कराया गया। वहीं एम.जी. इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में इंटरमीडिएट स्तर के विद्यार्थियों को 12वीं के पश्चात उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों तथा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के माध्यम से उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों की जानकारी दी गई।


अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता, अध्ययन पद्धति, परीक्षा व्यवस्था तथा भविष्य में उच्च शिक्षा एवं रोजगार की संभावनाओं से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे। विश्वविद्यालय की टीम द्वारा विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें अपनी रुचि, योग्यता एवं भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप उपयुक्त पाठ्यक्रम का चयन करने के लिए प्रेरित किया गया।
यह प्रचार-प्रसार अभियान डॉ. एस. एन. ओझा, कार्यक्रम समन्वयक, वनस्पति विज्ञान विभाग, विज्ञान विद्याशाखा, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के नेतृत्व तथा वनस्पति विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. पूजा जुयाल, डॉ. कीर्तिका पडलिया एवं डॉ. प्रभा बिष्ट ढौंडियाल तथा रसायन विज्ञान विभाग से डॉ. रुचि पांडे की सफल सहभागिता से किया गया । टीम के सदस्यों ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्ध पाठ्यक्रमों एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करने की संभावनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की।


अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को “उच्च शिक्षा आपके द्वार” की अवधारणा से जोड़ते हुए दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ, लचीला एवं समावेशी बनाना रहा। इस पहल से विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप उच्च शिक्षा के उपयुक्त अवसरों की जानकारी प्राप्त हुई।

Share this post