October 12, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

उत्‍तराखंड की जीडीपी में अप्रत्याशित बढ़त, 2.74 लाख रुपये पहुंची प्रति व्यक्ति औसत आय

उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत होती जा रही है। धामी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। साथ ही प्रति व्यक्ति आय में बढ़ी है। वित्तीय वर्ष 2022-23 से अब तक प्रदेश की जीडीपी 29 प्रतिशत बढ़ गई है। वहीं, औसत प्रति व्यक्ति आय में भी 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछले वित्तीय वर्ष की अपेक्षा इस बार उत्तराखंड की जीडीपी में करीब 14 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई, तो प्रति व्यक्ति औसत आय 11.33 प्रतिशत बढ़कर 2.74 लाख रुपये पहुंच गई। यह राष्ट्रीय औसत से 35 प्रतिशत अधिक है।
आगामी वित्तीय वर्ष के लिए प्रदेश की अनुमानित जीडीपी वर्तमान से 13 प्रतिशत अधिक आंकी गई है। हालांकि, आर्थिक विकास दर पिछले वर्ष की तुलना में

1.22 प्रतिशत कम रही।
गुरुवार को उत्तराखंड के वार्षिक बजट के साथ ही आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट भी विधानसभा के पटल पर रखी गई। इसमें प्रदेश की अर्थव्यवस्था के वित्तीय संकेतकों को प्रस्तुत किया गया। चालू वित्तीय वर्ष में उत्तराखंड की जीडीपी करीब 378 हजार करोड़ रुपये होने का आकलन किया गया, जो कि पिछले वित्तीय वर्ष (333 हजार करोड़) की तुलना में 14 प्रतिशत अधिक है।

औसत प्रति व्यक्ति वार्षिक आय का भी दिया ब्यौरा
वहीं, आर्थिक सर्वेक्षण में प्रदेश में औसत प्रति व्यक्ति वार्षिक आय का भी ब्यौरा दिया गया है। इस बार उत्तराखंड में प्रति व्यक्ति आय 2.74 लाख रुपये मानी गई है, जो कि पिछले वित्तीय वर्ष में 2.46 लाख रुपये थी। हालांकि, प्रदेश की प्रति व्यक्ति औसत आय में पिछले वित्तीय वर्ष भी 11.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। इसके अलावा वर्ष 2024-25 में राज्य की आर्थिक विकास दर 6.61 प्रतिशत अनुमानित है। यह वृद्धि दर वर्ष 2023-24 में 7.83 प्रतिशत रही। चालू वर्ष में राज्य में विकास दर में 1.22 प्रतिशत की गिरावट का अनुमान है। हालांकि, वर्ष 2024-25 में देश की आर्थिक विकास दर भी 6.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

उत्तराखंड में औसत आमदनी राष्ट्रीय औसत से अधिक
उत्तराखंड में चालू वित्तीय वर्ष में प्रति व्यक्ति औसत वार्षिक आय 2.74 लाख रुपये आंकी गई है, जो कि बीते वर्ष की तुलना में करीब 28,000 रुपये अधिक है। यह वृद्धि 11.33 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रीय औसत दो लाख रुपये है। ऐसे में उत्तराखंड में औसत आय देश के औसत से 74 हजार रुपये अधिक है।
धामी सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2022-23 से अब तक प्रदेश में औसत आमदनी करीब 2.20 लाख रुपये से बढ़कर 2.74 लाख रुपये पहुंची है, जो कि 54 हजार रुपये अधिक है। इसके अलावा पड़ोसी राज्य हिमाचल भी औसत आय के मामले में उत्तराखंड से पीछे रहा। हिमाचल में पिछले वर्ष प्रति व्यक्ति औसत आय करीब 2.35 लाख रुपये थी, तब उत्तराखंड की औसत आय लगभग 2.46 लाख रुपये थी।

वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जीएसडीपी की स्थिति
वित्तीय वर्ष, जीएसडीपी (अनुमानित)
2025-26, 429 हजार करोड़
2024-25, 378 हजार करोड़
2023-24, 333 हजार करोड़
2022-23, 292 हजार करोड़

वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रति व्यक्ति औसत आय में वृद्धि
वित्तीय वर्ष, प्रति व्यक्ति आय
2024-25, 2.74 लाख
2023-24, 2.46 लाख
2022-23, 2.20 लाख

 

Share this post

More stories