प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं: महेन्द्र भट्ट
पोखरी/चमोली। विकासखंड पोखरी में पूर्व सैनिकों एवं पूर्व अर्धसैनिक बलों के सम्मान में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तथा राज्य सभा सांसद महेन्द्र भट्ट के साथ ही क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा समाजसेवियों ने सहभागिता कर देश की रक्षा एवं सुरक्षा में अमूल्य योगदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि भारतीय सेना एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों ने अपने अदम्य साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के बल पर देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए भारत का गौरव विश्व पटल पर बढ़ाया है। विषम परिस्थितियों में भी देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए उनका समर्पण अतुलनीय है।
समारोह में भट्ट ने पूर्व सैनिकों एवं पूर्व अर्धसैनिक बलों के जवानों को सम्मानित किया गया तथा उनके द्वारा राष्ट्र सेवा में दिए गए योगदान को स्मरण किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि सैनिकों का त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। देश की सुरक्षा के लिए अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय समर्पित करने वाले इन वीरों का सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है।
आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। साथ ही प्रदेश सरकार भी सैनिकों एवं उनके परिवारों के हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

भट्ट ने यह भी कहा गया कि उत्तराखंड को “वीरों की भूमि” के रूप में जाना जाता है और यहां के युवाओं ने सदैव सेना एवं अर्धसैनिक बलों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई है। प्रदेश के सैनिकों ने देश की रक्षा में अपने अद्वितीय साहस और पराक्रम का परिचय दिया है, जिस पर प्रत्येक उत्तराखंडवासी को गर्व है।
