Recent Posts

November 4, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

शराब के नशे में धुत था ड्राइवर, 55 किलोमीटर तक बस दौड़ाता रहा, पुलिस ने बचाई 28 चारधाम यात्रियों की जान

बस चारधाम यात्रियों को लेकर उत्तरकाशी से केदारनाथ और बदरीनाथ को जा रही थी, लंबगांव के पास पुलिस ने चेकिंग को रोका था

पौड़ी: टिहरी की लंबगांव पुलिस की सतर्कता से चारधाम यात्रियों से भरी एक बस दुर्घटना होने से बच गई. पुलिस ने चेकिंग के दौरान शराब के नशे में बस चला रहे चालक को पकड़कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है. शराब के नशे में धुत चालक 55 किलोमीटर तक बस को अंधाधुंध रफ्तार में दौड़ाकर 28 यात्रियों की जान को खतरे में डाल दिया था.

शराब के नशे में धुत ड्राइवर ने दांव पर लगा दी 28 यात्रियों की जान: पुलिस के अनुसार मंगलवार को उत्तरकाशी से श्रीनगर गढ़वाल की ओर जा रही यात्री बस (UK 10PA 1010) जय काशी विश्वनाथ सेवा, को सुबह करीब 9:30 बजे थाना लंबगांव पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान रोका. जांच में चालक के शराब के नशे में होने का संदेह हुआ. पुलिस ने बस को रोककर चालक की एल्कोमीटर से जांच की और जांच करने पर चालक के अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई.

लंबगांव पुलिस की तत्परता से टला संभावित हादसा: बस में चारधाम यात्रा पर जा रहे लोग सवार थे. यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने तत्काल बस को अपने कब्जे में लिया और चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की. इसके बाद पुलिस ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दूसरी बस की व्यवस्था लंबगांव से की और सभी यात्रियों को सुरक्षित श्रीनगर के लिए रवाना किया गया. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी संभावित दुर्घटना टल गई. यात्रियों ने पुलिस की सतर्कता और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया.

पुलिस को बस चलाने के तरीके से हुआ शक: लंबगांव थाने के कोतवाल महिपाल सिंह रावत ने बताया कि-

ये बस उत्तरकाशी से श्रीनगर जा रही थी. इसमें चारधाम की सवारियां बैठी थीं. बस में कुल 28 यात्री थे. यात्रियों को बाबा केदारनाथ के दर्शन और बदरी विशाल भगवान के दर्शन करने हेतु जाना था. इनमें सभी सवारियां कोलकाता और महाराष्ट्र की थीं. इस बस का ड्राइवर बहुत शराब पिये हुआ था. जब ये बस हमारे थाने के पास लंबगांव के आगे रोड पर श्रीनगर की तरफ जा रही थी, तो इसकी कुछ एक्टिविटी कुछ ठीक नहीं लगी. हमने बस को रोका और चालक की एल्कोमीटर से जांच की, तो पता चला ये शराब के नशे में था.
-महिपाल सिंह रावत, कोतवाल, लंबगांव थाना-

बस सीज, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति: कोतवाल ने बताया कि शराब के नशे में एक बस चालक करीब 55 किलोमीटर तक 28 यात्रियों की जान जोखिम में डालकर बस दौड़ाता रहा. पुलिस ने बस को सीज कर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है. पुलिस के अनुसार बस में 28 यात्री और ड्राइवर, कंडक्टर समेत 30 लोग सवार थे.

Share this post

More stories