October 12, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

चारधाम यात्रा के लिए विदेशी श्रद्धालुओं की भरमार, पंजीकरण की संख्या पहुंची 10 हजार के पार

चारधाम यात्रा के लिए विदेशी श्रद्धालुओं की भरमार, पंजीकरण की संख्या पहुंची 10 हजार के पारचारधाम यात्रा में शामिल होने के लिए भारतीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ विदेशी श्रद्धालु में भी खासा उत्साह देखने काे मिल रहा है। यात्रा में शामिल होने के लिए अब तक 10,796 विदेशी श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। जिसमें केदारनाथ के लिए सर्वाधिक 3,674 विदेशी श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया। बदरीनाथ के लिए 3,045 पंजीकरण हुए। जबकि यमुनोत्री के लिए 1,918 और गंगोत्री के लिए 2,105 विदेशी श्रद्धालु ने पंजीकरण कराया। वहीं, हेमकुंड साहिब के लिए 54 विदेशी श्रद्धालु पंजीकृत हुए। राज्य में आगामी 30 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए 20 मार्च को आनलाइन आधार आधारित पंजीकरण शुरू किया था। जिससे कि श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के अपनी पंजीकृत तिथि पर दर्शन लाभ प्राप्त हो। पर्यटन विभाग ने इस साल पहली बार आधार कार्ड से लिंक पंजीकरण शुरू किया है। ताकि यात्रियों की निगरानी हो सके और उन्हें अधिक से अधिक सुविधा दी जा सके। वहीं, विदेशी श्रद्धालुओं का पंजीकरण पासपोर्ट के माध्यम से हो रहा है। यूटीडीबी के संयुक्त निदेशक और चारधाम यात्रा के नोडल अधिकारी योगेंद्र गंगवार ने बताया कि भारत के श्रद्धालुुओं के साथ-साथ विदेशी श्रद्धालु भी यात्रा में शामिल होने के लिए खूब बढ़-चढ़कर पंजीकरण करा रहे हैं। आने वाले दिनों में पंजीकरण की संख्या में और भी अधिक इजाफा होगा।

30 अप्रैल से खुलेंगे कपाट
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को खुलेंगे। जबकि दो मई को केदारनाथ और चार मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट धाम के खुलने के साथ यात्रा पूर्ण स्वरूप में शुरू हो जाएगी। आखिर में 25 मई को हेमकुंड साहिब के कपाट खुलेंगे। केदारनाथ के श्रद्धालुओं की संख्या सर्वाधिक होने से दो मई से राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ में इजाफा देखने को मिलेगा।

वेबपोर्टल से हो रहे अधिकांश रजिस्ट्रेशन
चारधाम यात्रा के लिए वेबपोर्टल (registrationandtouristcare.uk.gov.in) के माध्यम से अब तक 11,61,557 पंजीकरण हुए। जबकि मोबाइल एप (Tourist care uttarakhand) से 47,005 श्रद्धालु ने पंजीकरण कराया। वहीं, यात्रा के लिए 15,128 निजी वाहन और चार व्यवसायिक वाहन पंजीकृत हुए।

टोल फ्री नंबर से नौ हजार श्रद्धालुओं का समाधान
चारधाम यात्रा में पंजीकरण और यात्रा संबंधी समस्याओं व पूछताछ के लिए यूटीडीबी ने टोल फ्री नंबर (0135-1364) जारी किया है। जिसके माध्यम से 24 घंटे श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। वहीं, अब तक 9,326 श्रद्धालुओं ने टोल फ्री नंबर में फोनकर अपनी समस्याओं का निस्तारण कराया है।

Share this post

More stories