October 7, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

सेवानिवृत्त पेंशनर्स संगठन ने मुख्यमंत्री से उठाई चार प्रमुख मांगें

गोल्डन कार्ड से कैशलेस उपचार, कैंसर मरीजों को सुविधा, गैस की नियमित आपूर्ति और रेलवे आरक्षण बहाल करने की मांग
उत्तरकाशी। सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन, उत्तराखंड की जनपद शाखा उत्तरकाशी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। संगठन के अध्यक्ष प्रेम सिंह पंवार एवं सचिव भूपोदर चमोली ने मुख्यमंत्री को दिये पत्र में पेंशनर्स से जुड़ी चार प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए शासन स्तर से प्रभावी कार्रवाई का अनुरोध किया है।


संगठन ने मांग की है कि गोल्डन कार्ड सुविधा के अंतर्गत राजकीय एवं निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू की जाए, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को उपचार के लिए आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
पत्र में हिमालयन अस्पताल जॉलीग्रांट एवं ग्राफिक एरा अस्पताल में गोल्डन कार्ड के माध्यम से कैंसर रोगियों को उपचार की सुविधा उपलब्ध न होने का मामला भी उठाया गया है। संगठन का कहना है कि गोल्डन कार्ड की सुविधा न मिलने के कारण कई मरीजों को बिना इलाज के वापस लौटना पड़ा। संगठन ने कैंसर पीड़ित पेंशनर्स एवं उनके आश्रितों को इन अस्पतालों में गोल्डन कार्ड के माध्यम से उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।


इसके अलावा उत्तरकाशी जनपद में घरेलू गैस की नियमित एवं समय पर उपलब्धता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। संगठन ने कहा कि गैस होम डिलीवरी की व्यवस्था होने के बावजूद कई बार उपभोक्ताओं के घरों तक समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पाती। इससे विशेष रूप से सेवानिवृत्त, वृद्ध एवं अस्वस्थ लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। संगठन ने इस समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
वहीं, पेंशनर्स ने रेलवे आरक्षण की सुविधा को पुनः बहाल करने की भी मांग की है। पत्र में कहा गया है कि उत्तरकाशी क्षेत्र में पूर्व में रेलवे आरक्षण की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से यह व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। इसके कारण लोगों को रेलवे टिकट आरक्षण के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है और अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। संगठन ने जनहित में रेलवे आरक्षण सुविधा पुनः प्रारंभ कराने का आग्रह किया है।


संगठन पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि पेंशनर्स की इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का शीघ्र निराकरण हो सके।
संगठन ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री पेंशनर्स की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रमेश रमोला ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में केदारनाथ विधानसभा के उपचुनाव के समय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था अगला दशक उत्तराखंड का होगा।इसके साथ-साथ बात बात में उन्होंने उत्तराखंड के हित में अनेक बातें कहीं जो सभी उत्तराखंडियों के लिए गौरव की बात है।

Share this post