October 17, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

अमेरिका में हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश नाकाम, भारत ने घटना पर गहरी चिंता जताई

अमेरिका के इलिनोइस में श्री वेंकटेश्वर मंदिर में मास शूटिंग की साजिश करने के आरोप में एक लड़के को गिरफ्तार किया गया है.

नई दिल्ली: भारत ने अमेरिका के इलिनोइस में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर गोलीबारी की कथित साजिश पर “गहरी चिंता” जताई है और अमेरिका से भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने को कहा है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफिंग के दौरान एक सवाल के जवाब में यह बात कही. इलिनोइस की घटना को “गहरी चिंता का विषय” बताते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, “साथ ही, यह कुछ ऐसा है जो अमेरिका में भारतीय समुदाय के खिलाफ हेट क्राइम और नस्लीय भेदभाव के बढ़ते मामलों को उजागर करता है.”

जायसवाल ने कहा, “हमने उस कार्रवाई पर ध्यान दिया है जो अमेरिकी जांच अधिकारियों ने इस घटना के बाद की है. लेकिन, हम अमेरिकी पक्ष से अमेरिका में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, संरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं.”

बीते रविवार को इलिनोइस के ऑरोरा (Aurora) में श्री वेंकटेश्वर मंदिर में मास शूटिंग की साजिश करने के आरोप में शिकागो के पास पैलेटाइन में 19 साल के एक लड़के को गिरफ्तार किया गया. साजिश नाकाम हो गई थी, क्योंकि लड़के के पास मौजूद बंदूक जाम हो गई और फायर नहीं हो सकी.

आरोपी को 14 अक्टूबर को अदालत में पेश किया गया और उस पर आतंकी धमकी देने और अवैध तरीके से हथियार रखने के अलग-अलग मामले दर्ज किए गए.

भारत ने गुरुवार को कहा था कि वह अमेरिका के इलिनोइस में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर सामूहिक गोलीबारी करने की कथित साजिश की खबरों से गहरी चिंता में है और इस बात पर जोर दिया था कि यह घटना अमेरिका में नस्लीय शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत को लेकर बढ़ती चिंताओं को और बढ़ाती है.

बड़ी संख्या में अमेरिकी सांसदों और एडवोकेसी ग्रुप्स ने इस घटना पर हैरानी जताई है, उनका कहना है कि भारत-विरोधी नफरत अब हिंसा में बदल रही है.

एक अलग सवाल में, जायसवाल से पूछा गया था कि दिल्ली में हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर विदेश से क्या प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, और विदेश मंत्रालय इसे किस तरह देख रहा है.

उन्होंने कहा, “हमारे पास संस्थाएं और एजेंसियां हैं जो इस पर नजर रखे हुए हैं, और वे वही कर रही हैं जो उन्हें करना चाहिए.”

इस घटना को लेकर अमेरिकी सांसद रिचर्ड डीन मैककॉर्मिक (Rich McCormick) ने एक्स पोस्ट में कहा, “इलिनोइस में हिंदू मंदिर में जो कुछ होने से बाल-बाल बचा, वह बेहद चौंकाने वाला है. किसी भी अमेरिकी को सिर्फ अपनी आस्था या विरासत की वजह से अपनी जान का डर नहीं होना चाहिए. आज, मैंने अपने हाउस इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष रो खन्ना के साथ मिलकर न्याय विभाग और FBI से इस परेशान करने वाली साजिश की गहन जांच करने, हिंदू और भारतीय अमेरिकियों के खिलाफ बढ़ते खतरों को दूर करने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने का आग्रह किया है. धार्मिक स्वतंत्रता एक बुनियादी अमेरिकी अधिकार है. हमारे देश में नफरत और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है.”

Share this post