October 8, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

रायपुर में 10 अक्टूबर को लगेगा बहुउद्देशीय सेवा शिविर, रायपुर विधायक ने दी जानकारी

एक ही छत के नीचे मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी और जनसमस्याओं का समाधान
देहरादून। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रायपुर विधानसभा क्षेत्र में बहुउद्देशीय सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को क्षत्रीय चेतना मंच ग्राउंड, आमवाला, तपोवन, देहरादून में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक किया जाएगा।
रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ की पहल पर आयोजित इस बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे। शिविर में क्षेत्रवासियों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराने के साथ ही जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में आमजन अपनी समस्याएं सीधे संबंधित विभाग के समक्ष रख सकेंगे। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को जनता के बीच पहुंचाने के साथ ही लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागीय सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर जनसेवा के इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सेवा संकल्प अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

Share this post