October 4, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

आम कार्यकर्ता को अहमियत भाजपा मे ही संभव, आर्य के चयन से हुआ फिर साबित: भट्ट

दिनेश आर्य को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष ने दी बधाई, केंद्र का जताया आभार

कांग्रेस के पास झूठी जातिवादी राजनीति पर प्रायश्चित का अंतिम अवसर, आर्य को दे समर्थन :

देहरादून 4 अक्टूबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने श्री दिनेश आर्य को उत्तराखंड से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए जाने पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने श्री आर्य को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस निर्णय से पुनः साबित हुआ कि भाजपा निष्ठावान, समर्पित कार्यकर्ता तथा अंत्योदय वर्ग के उत्थान के प्रति पूर्णतया प्रतिबद्ध है। उन्होंने जीत का दावा करते हुए आग्रह किया कि अपनी झूठी जातिवादी राजनीति के प्रायश्चित के लिए कांग्रेस को भी भाजपा उम्मीदवार का समर्थन करना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष ने अपने बधाई संदेश में कहा कि शीर्ष नेतृत्व का यह निर्णय पार्टी के निष्ठावान, समर्पित एवं सामान्य कार्यकर्ता तथा समाज के अंतिम छोर पर खड़े अंत्योदय वर्ग को सम्मान के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भाजपा ही एक ऐसी लोकतांत्रिक पार्टी है जहाँ एक साधारण एवं जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ता के समर्पण और निष्ठा का सदैव मूल्यांकन एवं सम्मान किया जाता है। पार्टी की ओर से लिए गए निर्णय विपक्ष को चौंकाने वाला हो, लेकिन भाजपा मूल कार्यकर्ताओं को लेकर कितनी संजीदा है यह पहले भी कई बार साबित हुआ है।
उन्होंने कहा कि श्री दिनेश आर्य ने कर्मठ, संघर्षशील, सक्रिय कार्यकर्ता रहते हुए पार्टी के विभिन्न पदों पर अपने दायित्वों का शानदार तरीके से निर्वहन किया है। एक जनप्रतिनिधि के नाते भी वे अपने जनसुलभ, विनम्र, संवेदनशील और समर्पित जनप्रतिनिधि रूप में पहचाने जाते हैं।

श्री भट्ट ने कहा कि श्री दिनेश आर्य के लंबे सार्वजनिक जीवन और सांगठनिक अनुभव का लाभ प्रदेशवासियों को राज्यसभा सांसद के रूप में मिलेगा। वे राज्यसभा में जीतकर राज्य के समग्र विकास, क्षेत्रीय मुद्दों और जन-कल्याण की प्राथमिकताओं को संसद के उच्च सदन में पुरजोर तरीके से उठाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड में भाजपा उम्मीदवार की राज्यसभा चुनाव में जीत पूरी तरह सुनिश्चित है। राज्य की देवतुल्य जनता का प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और धामी सरकार की विकासपरक नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर अटूट विश्वास है। और उसी क्रम में जनता ने अपना भरपूर आशीर्वाद विधानभा में दो तिहाई बहुमत के रूप में हमें दिया हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 6 अक्टूबर को श्री आर्य के नामांकन के साथ राज्यसभा चुनाव में कमल का खिलना निश्चित है। क्योंकि संख्या बल और नैतिक मानकों के धरातल पर विपक्ष की चुनौती, कहीं से भी गंभीर नहीं नजर आती है। इसलिए कांग्रेस को सुझाव दिया कि कल तक दलित अपमान का झूठ फैलाने वालों को अब श्री आर्य का समर्थन कर अपने पापों का प्रायश्चित करना चाहिए। साथ ही उम्मीद जताई कि बेहतर हो कि विपक्ष सकारात्मक रवैया अख्तियार करते हुए स्वास्थ्य लोकतान्त्रिक प्रक्रिया और जनता की ईच्छा के साथ खड़ा हो।

Share this post