राज्यसभा में गूंजी उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी की मांग, महेंद्र भट्ट ने वेरावल–हरिद्वार ट्रेन नियमित करने की उठाई आवाज
नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने देवभूमि उत्तराखंड को देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों से जोड़ने वाली वेरावल–हरिद्वार ट्रेन संख्या 09203/09204 के संचालन का मुद्दा राज्यसभा में प्रमुखता से उठाया।
महेन्द्र भट्ट ने कहा कि वर्तमान में यह ट्रेन सीमित फेरों में संचालित हो रही है, जबकि सोमनाथ और खाटू श्याम जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों के लिए उत्तराखंड से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा करना चाहते हैं। सीमित संचालन के कारण यात्रियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वेरावल–हरिद्वार ट्रेन को नियमित रूप से संचालित किया जाए तथा इसकी समय-सारणी में यात्रियों की सुविधा के अनुरूप आवश्यक सुधार किया जाए।
उन्होंने कहा कि ट्रेन के नियमित संचालन से उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों के यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ उत्तराखंड और गुजरात सहित प्रमुख तीर्थस्थलों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।
भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड देश की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में तीर्थस्थलों के बीच बेहतर रेल संपर्क विकसित करना श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।
