मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र पंवार से उत्तराखंडी मूल निवासी पत्रकार एसोसिएशन की शिष्टाचार भेंट
देहरादून। उत्तराखंडी मूल निवासी पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष एन. के. गुसाईं तथा एसोसिएशन के सदस्य मुकेश डंडरियाल ने मंंलवार को भाजपा नेता एवं राज्य सरकार की मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह पंवार से उनके शांति विहार स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पत्रकारिता, मीडिया जगत और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान पत्रकार प्रतिनिधियों ने मीडिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं पत्रकारों के समक्ष आने वाली चुनौतियों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पत्रकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह पंवार ने कहा कि राज्य सरकार मीडिया को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार मानती है और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा तथा मीडिया और शासन-प्रशासन के बीच संवाद एवं समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने के प्रयास किए जाएंगे।

उत्तराखंडी मूल निवासी पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष एन. के. गुसाईं ने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच सेतु का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों की व्यावसायिक, सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं का समाधान समय की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मीडिया सलाहकार समिति के नेतृत्व में पत्रकार हितों से जुड़े विषयों पर सार्थक पहल होगी।
बैठक के दौरान पत्रकार कल्याण योजनाओं, मीडिया संस्थानों के साथ बेहतर संवाद व्यवस्था, पत्रकारों के लिए सुविधाओं के विस्तार तथा राज्य के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
अंत में एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने धीरेन्द्र सिंह पंवार को हाल ही में भाजपा की मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। वहीं श्री पंवार ने भी पत्रकार संगठन के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में निरंतर संवाद बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
