नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर रवाना हुई कार रैली
विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ व महापौर सौरभ थपलियाल ने दिखाई हरी झंडी
देहरादून। मॉल ऑफ देहरादून, हरिद्वार रोड में आज रैडा (REDA) एवं यूपीसीएल, उत्तराखंड द्वारा आयोजित नवीकरणीय ऊर्जा जन-जागरूकता कार रैली को रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ एवं देहरादून महानगर महापौर सौरभ थपलियाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कहा कि वर्तमान समय में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा के सतत उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सौर ऊर्जा जैसे स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को अपनाकर न केवल ऊर्जा की बचत की जा सकती है, बल्कि प्रदूषण को कम करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

कार रैली के माध्यम से आमजन को नवीकरणीय ऊर्जा के महत्व, सौर ऊर्जा के उपयोग, ऊर्जा संरक्षण तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।

महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी के माध्यम से ही स्वच्छ, हरित एवं सतत भविष्य की मजबूत नींव रखी जा सकती है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि ऊर्जा की बचत को अपनी दैनिक आदतों का हिस्सा बनाएं और पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
