भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने गृह क्षेत्र पोखरी में कार्यकर्ताओं के साथ की संगठनात्मक बैठक
पोखरी (चमोली)। राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट ने आज अपने गृह क्षेत्र के ग्रामीण मंडल पोखरी अंतर्गत शक्ति केंद्र किमोठा में आयोजित संगठनात्मक बैठक में सहभागिता की। बैठक में पार्टी संगठन की मजबूती, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा संगठन की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं, जिनका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है।
बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ बूथ स्तर तक पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया गया। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्याओं एवं जनभावनाओं से भी प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष श्रीमती राधारानी रावत, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती ममता भट्ट, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री वीरेन्द्रपाल भण्डारी, श्री ललित मिश्रा, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती माहेश्वरी देवी, पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री दिनेश रडवाल, जिला पंचायत सलना की पूर्व प्रत्याशी श्रीमती गीता देवी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने एवं जनता के बीच सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
