October 7, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

पढ़ाई के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी : विधायक काऊ

‘स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क’ का संदेश देते हुए बोले—खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव
देहरादून। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए।

खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की सकारात्मक भावना का भी विकास करते हैं।

यह बात रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय जिला प्रतियोगिता के दौरान कही।


प्रारंभिक शिक्षा विभाग, उत्तराखंड की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय जिला प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।


विधायक काऊ ने कहा कि “Healthy Body in a Healthy Mind” अर्थात स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षा के साथ खेलों का भी समान महत्व है। खेल के मैदान में बच्चे जीत और हार दोनों से सीखते हैं तथा चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं।


उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। केवल किताबी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि खेल, कला, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में समय प्रबंधन, अनुशासन, धैर्य और लक्ष्य प्राप्त करने की भावना मजबूत होती है।


विधायक ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करना स्वयं में बड़ी उपलब्धि है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा को प्रदेश स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।


उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच, बेहतर अवसर और प्रोत्साहन देने की है। सरकार एवं शिक्षा विभाग द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयास बच्चों की प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।


कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ का स्वागत किया। विधायक ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share this post