September 30, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

रुड़की में हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष को बदमाशों ने मारी गोली, एक पार्टी नेता के समर्थकों पर लगा आरोप

गोलीकांड की कड़ी सोमवार रात हुए विवाद से जुड़ी बताई जा रही, मेले में विशाल चौहान और दूसरे पक्ष के बीच मारपीट हुई थी

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में बड़ी आपराधिक वारदात हुई है. पनियाला गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब बाइक सवार दो हमलावरों ने हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान को गोली मार दी. गोली लगने के बाद विशाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा.

हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष को गोली मारी: वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने घायल विशाल को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल पुलिस बाइक सवार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है.

बाइक सवार हमलावरों ने मारी गोली: जानकारी के मुताबिक, रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव निवासी विशाल चौहान (उम्र 26 वर्ष) पुत्र प्रवीण चौहान कार में सवार होकर किसी काम से से जा रहा था. इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी. गोली कंधे को छूकर निकलने से विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली चलने की आवाज से मौके पर हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में विशाल को रुड़की के सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया.

सोमवार रात हुए विवाद से जुड़ रही हमले की कड़ी: इसी के साथ पुलिस ने घटनास्थल का जायजा भी लिया. पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के साथ ही हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है. वहीं, इस गोलीकांड की कड़ी सोमवार रात हुए विवाद से भी जुड़ी बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, मेले के दौरान विशाल चौहान और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी. इसी विवाद के अगले दिन गोली चलने से पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है.

विशाल चौहान ने एक पार्टी के दो नेताओं के समर्थकों पर लगाया आरोप: घायल विशाल चौहान ने एक पार्टी से जुड़े दो नेताओं के समर्थकों पर उन्हें गोली मरवाने का आरोप लगाया है. उनका दावा है कि सोमवार रात हुए विवाद के दौरान उन्हें धमकी भी दी गई थी. हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है. उधर, गोलीकांड की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी बड़ी संख्या में सिविल अस्पताल पहुंचे और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है. फिलहाल पुलिस सोमवार रात के विवाद से लेकर मंगलवार शाम हुई फायरिंग तक की पूरी कड़ी खंगाल रही है.

सीओ ने क्या कहा: सीओ रुड़की ओशिन जोशी का कहना है कि-

पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है.-ओशिन जोशी, सीओ, रुड़की-

Share this post