August 31, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

भारत निर्मित उत्पाद खरीदकर आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करें : भोला सिंह

मुललानी में सैकड़ों लोगों के साथ सांसद ने देखा प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ का लाइव प्रसारण, दर्जनों गांवों के ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

जहांगीराबाद। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. भोला सिंह ने रविवार को क्षेत्र के गांव मुललानी में सैकड़ों लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। प्रधानमंत्री के संबोधन को ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ सुना। प्रसारण समाप्त होने के बाद सांसद डॉ. भोला सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों पर लोग अधिक से अधिक भारत में निर्मित उत्पादों की खरीद करें। इससे देश के छोटे कारोबारियों, कारीगरों और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा तथा देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। भारत निर्मित सामान को प्राथमिकता देना ही आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के विकास और आम लोगों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने भाजपा की राष्ट्रीय नीतियों और केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी भी लोगों के सामने रखी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। सांसद ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, नाली, विकास कार्य और अन्य जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतें सांसद के सामने रखीं। सांसद ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से समस्याओं के संबंध में जानकारी लेते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया और शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कार्यक्रम के आयोजक राजू प्रधान ने सांसद डॉ. भोला सिंह सहित अन्य अतिथियों का माला और पटका पहनाकर स्वागत किया। अतिथियों को स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए। ग्रामीणों ने भी सांसद का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए उनका आभार जताया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के बाद सांसद से विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की।
इससे पूर्व सांसद डॉ. भोला सिंह ने गांव रतनपुर में अपनी सांसद निधि से करीब 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण किया। सड़क का निर्माण पूरा होने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने सांसद का जोरदार स्वागत किया और सड़क निर्माण के लिए उनका आभार जताया। सांसद ने कहा कि क्षेत्र में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी समेत मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में चेयरमैन किशन पाल लोधी, ओमदत्त लोधी, नानक गिरी, नेमपाल लोधी, सभासद विकास बजरंगी, अजीत हिमांचल, उमेश गुप्ता और राजू गिरी मुललानी ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष जयवीर सिंह ने किया।