रायपुर की पेयजल समस्या के समाधान की ओर बड़ा कदम, बांदल योजना होगी पुनर्जीवित”
रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रायपुर क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बांदल योजना को पुनर्जीवित करने की महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

उन्होंने कहा कि रायपुर क्षेत्र में बहने वाली बांदल नदी के जल का आधुनिक फिल्ट्रेशन एवं अत्याधुनिक जल शोधन प्रणाली के माध्यम से शुद्धिकरण कर उसे पेयजल के रूप में उपयोग किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत रायपुर, लाडपुर, नानूरखेड़ा, आमवाला एवं नेहरू ग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ किया जाएगा तथा वाटर वर्क्स से दिलाराम चौक तक पानी की आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कहा कि बांदल योजना के पुनर्जीवन से क्षेत्र की बड़ी आबादी को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और गर्मियों के दौरान उत्पन्न होने वाली पेयजल किल्लत से भी लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह पहल रायपुर क्षेत्र के लिए पेयजल के क्षेत्र में एक दूरगामी एवं ऐतिहासिक कदम साबित होगी। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में इस महत्वपूर्ण पहल के लिए उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
