उत्तराखंड के दो वरिष्ठ नेताओं को भाजपा में अहम जिम्मेदारी,देहरादून के रायपुर विधायक उमेश शर्मा’काऊ’ ने दी बधाई
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में उत्तराखंड के दो वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने हर्ष व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व सांसद तीरथ सिंह रावत को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा पौड़ी गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को पुनः राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कहा कि तीरथ सिंह रावत का संगठन के प्रति समर्पण, लंबा राजनीतिक अनुभव और कुशल संगठनात्मक क्षमता पार्टी की अमूल्य पूंजी है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी से भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री रावत अपने अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।

वहीं, अनिल बलूनी को पुनः राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिलने पर विधायक काऊ ने कहा कि श्री बलूनी की प्रभावी संवाद क्षमता, संगठनात्मक समझ और मीडिया के क्षेत्र में लंबा अनुभव भाजपा की नीतियों एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विधायक काऊ ने कहा कि उत्तराखंड के दो अनुभवी एवं लोकप्रिय नेताओं को भाजपा के केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। दोनों नेताओं की नई जिम्मेदारियां उत्तराखंड की मजबूत संगठनात्मक भूमिका को भी रेखांकित करती हैं।
उन्होंने कहा कि तीरथ सिंह रावत और अनिल बलूनी के अनुभव, क्षमता एवं नेतृत्व का लाभ निश्चित रूप से भाजपा संगठन को मिलेगा और पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में दोनों नेता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने दोनों नेताओं के सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
