June 21, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों तथा उनके दूरदर्शी नेतृत्व के कारण योग को वैश्विक पहचान प्राप्त हुई है :महेन्द्र भट्ट

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गोपेश्वर में सामूहिक योगाभ्यास आयोजित

गोपेश्वर।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गोपेश्वर, चमोली में क्षेत्र के सम्मानित नगरवासियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।

राज्य सभा सांसद एवं उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, जो इन दिनों अपने गृह जनपद चमोली के भ्रमण पर हैं, ने भी योग साधकों के साथ योगाभ्यास कर कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महेन्द्र भट्ट ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो तन, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व के कारण योग को वैश्विक पहचान प्राप्त हुई है। भारत के प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया और आज विश्वभर में करोड़ों लोग योग को स्वस्थ जीवन का आधार बना रहे हैं।

श्री भट्ट ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ, निरोग एवं सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।