June 20, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

जनहित और विकास कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी: सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह

उत्तरकाशी। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ा रुख अपनाते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता एवं बृडकुल के परियोजना प्रबंधक पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सांसद ने उनका स्पष्टीकरण तलब करने तथा स्थानांतरण की संस्तुति करने के निर्देश दिए।
जिला सभागार में आयोजित बैठक के दौरान सांसद ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में जवाबदेही और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक हर हाल में पहुंचे। उन्होंने विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा जनता के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। सांसद ने कहा कि विकास कार्यों की समीक्षा बैठकों में अनुपस्थिति और कार्यों में ढिलाई गंभीर विषय है तथा ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।