October 12, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

उत्तराखंड के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में भरे जाएंगे असिस्टेंट प्रोफेसर के 439 पद

राजकीय मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 439 रिक्त पदों शीघ्र भरे जाएंगे। चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि इस संबंध में विभाग ने राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को अधियाचन भेजा है। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार ने प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में विभिन्न संकायों के रिक्त पदों को भरने का निर्णय लिया है। बोर्ड शीघ्र ही रिक्त पदों से संबंधित विज्ञापन जारी कर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि 439 पदों में से सामान्य श्रेणी के 218, अनुसूचित जाति के 112, अनुसूचित जनजाति के नौ, ओबीसी के 68 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 32 पद सम्मिलित हैं। उन्होंने बताया कि राज्य के मेडिकल कॉलेजों के दो दर्जन संकायों में असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति की जानी है। इनमें एनेस्थीसिया, एनाटॉमी, बायोकेमिस्ट्री, ब्लड बैंक, कम्युनिटी मेडिसिन, डेंटिस्ट्री, डर्मेटोलॉजी, इमरजेंसी मेडिसिन, फोरेंसिक मेडिसिन, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, माइक्रोबायोलाजी, गायनी, आप्थेल्मोलाजी, आर्थोपेडिक्स, आटो राइनो लाइरिंगोलोजी, पैथोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, फार्माकोलॉजी, फिजिकल मेडिसिन एवं रिहेबिलिटेशन, फिजियोलॉजी, साइकेट्रिस्ट, रेडियोडायग्नोसिस, रेडियोथेरेपी व रेस्पिरेटरी के पद शामिल हैं। इसके साथ ही प्रोफेसर एवं एसोसिएट प्रोफेसर के प्रोन्नति के पदों को भी शीघ्र भरने के निर्देश चिकित्सा शिक्षा निदेशक को दिए गए हैं।

बंशीधर तिवारी को शिक्षा महानिदेशक का अतिरिक्त जिम्मा
सरकार ने शिक्षा महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार आईएएस बंशीधर तिवारी को सौंपा है। वहीं अपर निदेशक माध्यमिक डा मुकुल कुमार सती को माध्यमिक शिक्षा निदेशक एवं अपर निदेशक अजय कुमार नौडियाल को प्राथमिक शिक्षा निदेशक का प्रभार सौंपा गया है। शासन ने इस संबंध में अलग-अलग आदेश जारी किए हैं।
शिक्षा महानिदेशक पद पर कार्यरत झरना कमठान लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी में सोमवार से 18 मार्च तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में सम्मिलित होंगी। कार्मिक के आदेश के अनुसार झरना कमठान के प्रतिस्थानी के रूप में पहले अपर सचिव रंजना राजगुरु को शिक्षा महानिदेशक के रूप में नामित किया गया था। इस आदेश में संशोधन कर अब आईएएस बंशीधर तिवारी को यह जिम्मेदारी दी गई है। बंशीधर तिवारी इससे पहले भी लंबे समय तक यह दायित्व संभाल चुके हैं। वहीं, माध्यमिक शिक्षा निदेशक के रिक्त पद का प्रभार अपर निदेशक माध्यमिक डा मुकुल सती को अग्रिम आदेशों अथवा नियमित पदोन्नति होने तक सौंपने के आदेश अपर सचिव रंजना राजगुरु ने जारी किए। उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने को कहा गया है। अपर शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल को अग्रिम आदेशों अथवा नियमित पदोन्नति होने तक प्राथमिक शिक्षा निदेशक पद का प्रभार तत्काल प्रभाव से लेने के आदेश शासन ने जारी किए।

Share this post

More stories