November 5, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

उत्तराखण्ड ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में रचा नया कीर्तिमान, राष्ट्रीय स्तर पर मिला द्वितीय स्थान

भारत मंडपम में आयोजित समारोह में माननीय उपराष्ट्रपति ने प्रदान किया प्रतिष्ठित सम्मान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व को मिली बड़ी उपलब्धि
देहरादून। नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तराखण्ड ने एक और बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) द्वारा संचालित Renewable Energy State Assessment Framework (RE&SAF) 2026 के अंतर्गत उत्तराखण्ड ने विशेष श्रेणी के राज्यों (Special Category States) में द्वितीय स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए 05 नवम्बर 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित Bharat Renewable Energy Summit & Expo 2026 के समापन समारोह में भारत के माननीय उपराष्ट्रपति द्वारा उत्तराखण्ड को प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राज्य की ओर से प्रमुख सचिव (ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा) डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, UPCL एवं PTCUL के प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी तथा UJVNL के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने यह सम्मान ग्रहण किया।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा 02 से 05 नवम्बर 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में प्रदर्शन का आकलन किया गया। इसमें नवीकरणीय ऊर्जा के विकास, नीतिगत एवं नियामकीय व्यवस्था, विद्युत ग्रिड में नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण की तैयारी तथा आधारभूत संरचना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मानकों को आधार बनाया गया।
उत्तराखण्ड की यह उपलब्धि मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच एवं सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। राज्य सरकार तथा ऊर्जा क्षेत्र के विभिन्न उपक्रमों द्वारा स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, ग्रिड एकीकरण की क्षमता मजबूत करने और सतत ऊर्जा विकास की दिशा में किए जा रहे सामूहिक प्रयासों को इस राष्ट्रीय सम्मान ने नई पहचान दी है।

यह सम्मान उत्तराखण्ड के ऊर्जा क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि होने के साथ-साथ स्वच्छ, हरित एवं विश्वसनीय ऊर्जा व्यवस्था के निर्माण की दिशा में प्रदेश की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यूपीसीएल ने भी नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार और सतत ऊर्जा विकास में अपना योगदान निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

Share this post

More stories