विधानसभा सत्र से पहले यूपीसीएल अलर्ट, एमडी पी.सी. ध्यानी ने भराड़ीसैंण सब स्टेशन का किया निरीक्षण
सत्र के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश, अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए आदेश
भराड़ीसैंण/गैरसैंण, 26 अक्टूबर 2026। गैरसैंण के भराड़ीसैंण में आयोजित होने वाले आगामी विधानसभा सत्र को देखते हुए उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने सोमवार को भराड़ीसैंण पहुंचकर विद्युत सब स्टेशन का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ध्यानी ने संबंधित अधिकारियों से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली तथा आगामी विधानसभा सत्र के दौरान निर्बाध एवं सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

प्रबंध निदेशक ने विधानसभा सत्र के महत्व को देखते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सत्र के दौरान बिजली आपूर्ति में किसी प्रकार का व्यवधान न आए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता गढ़वाल एन.एस. बिष्ट, अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा, अधीक्षण अभियंता एस.एन. वर्मा सहित अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी एवं अवर अभियंता उपस्थित रहे।
